महिपाल तोमर, ब्यूरो चीफ हापुड़ | सुनहरा संसार
हापुड़, 27 नवंबर 2026। सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग में आयोजित अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह एवं खेल भावना के साथ किया गया। जोन-5 पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 45 नर्सिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
दूसरे दिन बैडमिंटन और बास्केटबॉल के सेमीफाइनल, वॉलीबॉल के मुकाबले तथा 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद एवं डिस्कस थ्रो की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। टीम मैनेजर, शिक्षक एवं खेल अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


महोत्सव अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में सरस्वती ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. जे. रामचंद्रन के मार्गदर्शन तथा वाइस चेयरपर्सन डॉ. रम्या रामचंद्रन के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का संचालन प्राचार्या प्रो. (डॉ.) आर. पिरामिला के मार्गदर्शन में हो रहा है।
महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को प्रोत्साहित करना है। दूसरे दिन के मुकाबलों के बाद अब सभी की निगाहें अंतिम दिन विजेताओं की घोषणा पर टिकी हैं। संस्थान ने सभी प्रतिभागी कॉलेजों, खेल अधिकारियों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।













